उत्तर प्रदेश

रोडवेज के रंग में दौड़ रहीं बसें सीज

डग्गामार व ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन का कड़ा शिकंजा

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी एफ हिंदी |

सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग और रोडवेज प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) श्री हरिओम तथा उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राजेश पाठक के नेतृत्व में डग्गामार और अनधिकृत वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान रोडवेज के रंग-रूप में अवैध रूप से संचालित दो बसों को चिन्हित कर परिवहन निगम की वर्कशॉप में सीज कर दिया गया। ये बसें आम यात्रियों को भ्रमित कर अवैध रूप से संचालन कर रही थीं। इसके अलावा तीन अन्य अनधिकृत रूप से चल रही बसों का चालान किया गया।

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। ओवरलोडिंग के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाते हुए छह मालवाहक वाहनों को सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, बदायूं में सीज किया गया। इन वाहनों से कुल लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध रूप से रोडवेज के रंग में बसों का संचालन न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है।

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज—बीमा, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र आदि—अद्यतन रखें। यातायात नियमों का पालन करें और वाहन का उपयोग इस प्रकार करें कि आमजन को कोई असुविधा न हो।

सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button