पर्यटन

रामायण सर्किट का प्रमुख स्थल चित्रकूट बनेगा इको-टूरिज्म का केंद्र

निश्चय टाइम्स, लखनऊ।उत्तर प्रदेश का धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल चित्रकूट अब जल्द ही इको-टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। रामायण सर्किट के इस महत्वपूर्ण स्थल को पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड एक विशेष इको टूरिज्म थीम पार्क का निर्माण करेगा। यह पार्क रानीपुर टाइगर रिजर्व के निकट सात एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 11.77 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से 5 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि यह पार्क पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है। इस थीम पार्क के निर्माण से न केवल पर्यटकों को प्रकृति के करीब आने का अवसर मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस पार्क में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इको लॉजेज का निर्माण किया जाएगा।

प्राकृतिक सुगंध और पारंपरिक स्वाद का अनूठा संगम :
पार्क में एक विशेष सुगंधित बगीचा भी तैयार किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के सुगंधित पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने के लिए फूड कोर्ट और इको हट्स बनाए जाएंगे। पर्यटकों के मनोरंजन और विश्राम के लिए एक केंद्रीय लॉन भी विकसित किया जाएगा, जहां प्राकृतिक वातावरण का अनुभव किया जा सकेगा।

  • पार्क की प्रमुख विशेषताएँ :
    नेचर ट्रेल और बांस उद्यान: पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक नेचर ट्रेल और बांस उद्यान तैयार किए जाएंगे।
  • एंफीथिएटर और सांस्कृतिक कार्यक्रम: आधुनिक एंफीथिएटर में सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
  • रॉक गार्डन और तितली उद्यान: प्राकृतिक चट्टानों से निर्मित अनोखा रॉक गार्डन और विभिन्न तितलियों को आकर्षित करने वाला तितली उद्यान विशेष आकर्षण होंगे।
  • एडवेंचर प्ले जोन: रोमांच प्रेमियों के लिए एडवेंचर प्ले जोन में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
  • स्वास्थ्य लाभ के लिए ट्रैक: पैरों के लिए विशेष ट्रैक तैयार किया जाएगा, जो स्वास्थ्य को बढ़ावा देगा।

स्थानीय रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा:
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस पार्क के निर्माण से चित्रकूट आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इस पार्क के माध्यम से इको-फ्रेंडली पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और चित्रकूट को एक प्रमुख पर्यटक स्थल के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।

पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता:
सरकार की इस पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा बल्कि धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन का भी नया आयाम विकसित होगा। यह थीम पार्क चित्रकूट को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बनाएगा।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button