[the_ad id="4133"]
Home » हेल्थ » सिविल अस्पताल के सफाई मित्र हड़ताल पर

सिविल अस्पताल के सफाई मित्र हड़ताल पर

निश्चय टाइम्स, लखनऊ। राजधानी के सिविल अस्पताल में आज सुबह से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। दिवाली नजदीक होने के बाद भी वेतन न मिलने से नाराज़ इन कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया है। बताया जा रहा है कि सभी कर्मचारी आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत काम करते हैं और इनका मासिक वेतन मात्र आठ हज़ार रुपये है। करीब पचास से अधिक कर्मचारी सुबह से अस्पताल गेट पर नारेबाज़ी कर रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें वेतन अब तक नहीं मिला है, जबकि दिवाली जैसे बड़े त्योहार के समय परिवार की ज़रूरतें पूरी न हो पाने से आर्थिक संकट गहराया हुआ है। कर्मचारियों ने बताया कि कल से बैंक बंद हो जाएंगे, इसलिए अगर आज वेतन नहीं मिला तो त्यौहार का सारा उत्साह बेकार चला जाएगा।
इस बीच हड़ताल के दौरान एक महिला सफाईकर्मी मंजू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथियों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना से कर्मचारियों में आक्रोश और बढ़ गया है। वहीं ठेकेदार का कहना है कि भुगतान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही सभी कर्मचारियों को वेतन दे दिया जाएगा। हालांकि कर्मचारियों का आरोप है कि हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता है, हकीकत में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हड़ताल के चलते अस्पताल की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और मरीजों के साथ उनके परिजन भी भारी परेशानी झेल रहे हैं। कर्मचारी चेतावनी दे रहे हैं कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, तब तक कामकाज शुरू नहीं करेंगे।

ntuser1
Author: ntuser1

Share This

Post your reaction on this news

Leave a Comment

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com