देहरादून में बादल फटने से सांग नदी में बाढ़, चारधाम यात्रा प्रभावित

टूरिस्ट फंसे, सड़कों पर मलबा, राहत-बचाव में जुटी टीमें
उत्तराखंड के देहरादून में रविवार को बादल फटने की घटना ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। मालदेवता क्षेत्र में स्थित सोंग नदी अचानक उफान पर आ गई, जिससे आसपास का इलाका जलमग्न हो गया और सड़कों पर भारी मात्रा में मलबा आ गया। इस वजह से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और बड़ी संख्या में टूरिस्ट रास्ते में फंस गए।
ऋषिकेश के पास सड़क जाम हो जाने के कारण चारधाम यात्रा भी कुछ देर के लिए प्रभावित रही। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने तेज बहाव और खराब मौसम के बीच जोखिम उठाकर यात्रियों और स्थानीय निवासियों की मदद की।

मसूरी के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कैंपटी फॉल का जल स्तर भी तेजी से बढ़ा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। लगातार बारिश और मौसम के रौद्र रूप को देखते हुए मौसम विभाग ने सोमवार को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोकने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन लगातार मौसम की निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर यात्रा मार्गों को बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।



