सावन की शुरुआत पर CM योगी ने किया रुद्राभिषेक

मांगी प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
सावन माह की पहली सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने आवास पर विधिपूर्वक रुद्राभिषेक और हवन अनुष्ठान किया। भगवान शिव की आराधना करते हुए उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की। यह पावन अनुष्ठान शुक्रवार प्रातः गोरखनाथ मंदिर परिसर के शक्तिपीठ में आयोजित किया गया। पूजा की शुरुआत भगवान शिव को बिल्वपत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प और अन्य पूजन सामग्रियों के अर्पण के साथ हुई। इसके उपरांत सीएम योगी ने भगवान भोलेनाथ का जल, दूध और मौसमी फलों के रस से रुद्राभिषेक किया।
पूरे अनुष्ठान का संचालन मठ के विद्वान आचार्यों और पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। मंत्रों की पवित्र ध्वनि और श्रद्धा की ऊर्जाओं के बीच रुद्राभिषेक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी ने अग्निकुंड में विधिवत हवन किया। आहुति के साथ उन्होंने राष्ट्र के कल्याण, समाज में समरसता और जन-जन के जीवन में उन्नति की कामना की। अनुष्ठान के अंत में उन्होंने कहा कि सावन भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का उत्तम समय है। यदि श्रद्धा से भोलेनाथ की आराधना की जाए, तो जीवन के समस्त संकट दूर होते हैं। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख, समृद्धि और मन की शांति के लिए मंगलकामना की।


