राष्ट्रीय

Amit Shah In Bihar: बिहार चुनाव का शंखनाद, मां सीता के भव्य मंदिर का ऐलान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज (30 मार्च) बिहार में आगामी चुनाव का बिगुल फूंक दिया। दो दिवसीय बिहार दौरे के दूसरे दिन उन्होंने गोपालगंज में एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस रैली में एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं ने भी शिरकत की। अमित शाह ने अपने भाषण में बिहार में मां सीता का भव्य मंदिर बनाने का वादा किया। गोपालगंज की धरती से बोलते हुए अमित शाह ने बिहार के विपक्षी दलों, खासकर राजद और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “लालू यादव केंद्र सरकार में मंत्री थे, लेकिन बिहार के लिए कुछ नहीं किया। उन्हें और सोनिया गांधी को हिसाब देना चाहिए कि उन्होंने बिहार के विकास में क्या योगदान दिया।

भाषण की शुरुआत ‘मेरे जिगर के टुकड़ों से’

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा, “मेरे जिगर के टुकड़ों जैसे युवा मित्रों सबको राम राम और प्रणाम। मैं सभी धर्म स्थानों को प्रणाम कर शुरुआत करता हूं। गोपालगंज की भूमि ने हमेशा देश को नया रास्ता दिखाने का प्रयास किया है। लालू एंड कंपनी ने राम मंदिर बनाने में अड़ंगा लगाया था, लेकिन अब मां सीता के भव्य मंदिर का निर्माण इसी बिहार की पवित्र धरती पर होगा।”

गृह मंत्री ने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में बीजेपी के लिए वोट मांगने आए, तो जनता ने ईवीएम को कमल के फूल से भर दिया। उन्होंने कहा, “इस साल बिहार में चुनाव है। बिहार की जनता को तय करना है कि वे लालू-राबड़ी के जंगलराज के रास्ते पर जाना चाहती है या मोदी-नीतीश के विकास के पथ पर। मोदी सरकार ने 10 सालों में कई विकास कार्य किए हैं, जो कांग्रेस पार्टी कभी नहीं कर पाई।”

लालू परिवार पर तंज

अमित शाह ने कहा, “लालू यादव ने सिर्फ अपने परिवार को सेट किया है। दोनों बेटे मुख्यमंत्री बनने की तैयारी कर रहे हैं। एक बेटी राज्यसभा सांसद हैं, दूसरी बेटी लोकसभा का चुनाव लड़ चुकी हैं, और पत्नी मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। लेकिन बिहार के युवाओं को सेट करने का कोई काम नहीं हुआ।”

बिहार के विकास के वादे

शाह ने कहा कि अगर एनडीए को एक बार फिर से सत्ता में लाया गया तो बिहार को बाढ़ से मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने मैथिली भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने, मखाना को GI टैग दिलाने और बिहार कोकिला शारदा सिन्हा को पद्म भूषण देने जैसे कार्यों को गिनाया। साथ ही, एक करोड़ 17 लाख बहनों को गैस सिलेंडर देने का भी जिक्र किया। अमित शाह ने जनता से आग्रह किया कि एक बार फिर एनडीए को मौका दें ताकि बिहार को और आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि लालू यादव के दौर में अपहरण और फिरौती जैसी घटनाएं आम थीं, लेकिन अब विकास के पथ पर आगे बढ़ने का समय है।

Related Articles

Back to top button