राष्ट्रीय
US Election: ट्रंप को जीत की बधाई के साथ राहुल गांधी ने हारने वाली हैरिस को भी लिखी चिट्ठी, जानें क्या कहा

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप की जबरदस्त जीत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्रंप को उनकी इस जीत पर बधाई दी। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में हारने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस को भी चिट्ठी लिखकर उनके अभियान की सराहना की है।
राहुल गांधी की चिट्ठी में क्या कहा गया?
-
डोनाल्ड ट्रंप के लिए
राहुल गांधी ने ट्रंप को अमेरिका का 47वां राष्ट्रपति बनने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, “अमेरिका के लोगों ने आपके भविष्य के दृष्टिकोण पर विश्वास किया है। भारत और अमेरिका ऐतिहासिक दोस्ती साझा करते हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता से जुड़ी है। आपके नेतृत्व में दोनों देशों के बीच आपसी हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा।” अंत में राहुल गांधी ने ट्रंप को उनके दूसरे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
-
कमला हैरिस के लिए
राहुल गांधी ने 7 नवंबर को लिखी अपनी चिट्ठी में उपराष्ट्रपति के तौर पर कमला हैरिस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वह हैरिस के साहसी राष्ट्रपति चुनाव अभियान के लिए बधाई देना चाहते हैं। राहुल ने लिखा, “आपका उम्मीद से भरा जोड़ने वाला संदेश लोगों को प्रेरित करता रहेगा। बाइडन प्रशासन के दौरान भारत और अमेरिका ने कई वैश्विक अहमियत वाले मुद्दों पर सहयोग बढ़ाया। लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता हमारे संबंधों को मजबूत करती रहेगी।” उन्होंने कमला हैरिस को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।



