न्यूयॉर्क: संयुक्त राष्ट्र के मंच पर कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई है, जो बार-बार कश्मीर का मुद्दा उठाकर ध्यान भटकाने की कोशिश करता रहता है। शुक्ला ने कहा कि पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र जैसे मंच का गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा है और बार-बार झूठी बातें फैलाने का प्रयास कर रहा है, जबकि जम्मू-कश्मीर की जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।
कश्मीर के बारे में झूठी बातें फैलाना पाकिस्तान की “आदत”
राजीव शुक्ला ने अपने संबोधन में पाकिस्तान पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जान-बूझकर कश्मीर मुद्दे को लेकर झूठी और भ्रामक जानकारी फैला रहा है। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल ने एक बार फिर इस मंच का इस्तेमाल झूठ और फर्जी बातें फैलाने के लिए किया है। यह प्रतिनिधिमंडल फर्जी प्रचार और भ्रामक तथ्यों के जरिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करना चाहता है, लेकिन सच्चाई यही है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर में स्वतंत्र और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव संपन्न हुए, जिसमें बड़ी संख्या में जनता ने भाग लिया। चाहे कितनी भी फर्जी बातें फैला ली जाएं, जमीनी हकीकत नहीं बदल सकती।”
पाकिस्तान को दी रचनात्मकता अपनाने की सलाह
राजीव शुक्ला ने पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कहा कि उसे संयुक्त राष्ट्र जैसे मंच का इस्तेमाल अपने विभाजनकारी एजेंडे को आगे बढ़ाने के बजाय, रचनात्मक कार्यों के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं इस मंच का उपयोग पाकिस्तान को यह सलाह देने के लिए करना चाहता हूं कि वह अपने राजनीतिक एजेंडे के बजाय रचनात्मक उद्देश्यों पर ध्यान केंद्रित करे।” शुक्ला ने यह भी कहा कि भारत फर्जी सूचनाओं के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र का समर्थन करता रहेगा।
भारत का समर्थन और पाकिस्तान की पुरानी आदतें
गौरतलब है कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र में बार-बार कश्मीर का मुद्दा उठाने की कोशिश करता है, लेकिन भारत ने हर बार उसे कड़ा जवाब दिया है। इस बार भी राजीव शुक्ला ने स्पष्ट कर दिया कि भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह के झूठे प्रचार को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत फर्जी सूचनाओं के खिलाफ चल रहे अभियान में संयुक्त राष्ट्र का पूरा समर्थन करता रहेगा, और भविष्य में भी झूठी अफवाहों का मुकाबला करता रहेगा।