उतरेटिया में ट्रेन पलटाने की साजिश नाकाम, रेलवे ट्रैक पर रखा गया लोहे का दरवाज़ा

लखनऊ (उतरेटिया): राजधानी लखनऊ के उतरेटिया रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार रात एक बड़ी दुर्घटना टल गई। रेलवे ट्रैक पर अराजक तत्वों ने ट्रेन पलटाने के उद्देश्य से लोहे का भारी दरवाज़ा रख दिया, जिससे ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। गनीमत रही कि हादसा नहीं हुआ, लेकिन इस साजिश ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
घटना को लेकर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रेलवे कर्मी अनिल कुमार पांडे की तहरीर पर यह मामला दर्ज हुआ। अनिल के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब 3:45 बजे उन्हें सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर किसी ने लोहे का दरवाज़ा रख दिया है। उसी समय एक ट्रेन इस दरवाज़े के ऊपर से गुजर भी गई, लेकिन किसी प्रकार का बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त दरवाजे को हटाकर ट्रैक को दोबारा संचालन के लिए सुरक्षित किया। इस दौरान कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। सुरक्षा एजेंसियां अब सर्विलांस और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों का पता लगाने में जुटी हैं।
इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच कई स्तरों पर की जा रही है और रेलवे की सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले रहीमाबाद में भी रेलवे ट्रैक पर लकड़ी का गुटका रखे जाने का मामला सामने आया था, जिससे यही संदेह जताया जा रहा है कि किसी संगठित गिरोह के जरिए रेल हादसे की साजिशें रची जा रही हैं।
हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है लेकिन पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रेलवे विभाग और पुलिस प्रशासन रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चौकन्ना हो गया है।



