उत्तर प्रदेशलखनऊ

“जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार: अखिलेश यादव “

निश्चय टाइम्स, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन, नमामि गंगे और स्मार्ट सिटी जैसी योजनाएं जनता के साथ बड़ा धोखा साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट हुई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि बारिश के आते ही भाजपा की स्मार्ट सिटी योजना की असलियत सामने आ गई है। गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, वाराणसी और अयोध्या जैसे शहरों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। सड़कों की हालत बदतर है, नाले जाम हैं और मोहल्लों में पानी भर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार (केंद्र और राज्य) और नगर निगमों की ट्रिपल इंजन व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले नौ वर्षों में भाजपा सरकार एक भी शहर को वास्तव में स्मार्ट नहीं बना सकी। सड़कों की खुदाई अधूरी है, काम अधूरे पड़े हैं और आमजन परेशान है। जल जीवन मिशन योजना में भी भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पानी की टंकियां लगातार गिर रही हैं, क्योंकि वे भ्रष्टाचार की नींव पर बनी हैं।

गंगा सफाई पर भी सरकार को घेरते हुए अखिलेश ने कहा कि नमामि गंगे योजना के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन गंगा की स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का ईमानदारी का दावा अब खोखला साबित हो चुका है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर निर्माण कार्यों तक हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है और जनता अब भाजपा की नाकामी से त्रस्त हो चुकी है। अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा के “भ्रष्टाचारी शासन” को उखाड़ फेंकेगी।

Related Articles

Back to top button