उत्तर प्रदेश

पुलिस हिरासत में मौत: पीड़ित परिवार से मिले सीएम योगी, 10 लाख की आर्थिक मदद और बच्चों की शिक्षा फ्री

लखनऊ। राजधानी में पुलिस हिरासत में व्यापारी मोहित पांडेय की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। सीएम योगी ने परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के साथ बच्चों की फ्री शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ देने का आश्वासन दिया।
सीएम योगी के साथ इस दौरान स्थानीय विधायक योगेश शुक्ला और सभासद शैलेंद्र वर्मा भी मौजूद थे। सीएम ने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकार उनकी पूरी मदद करेगी। उन्होंने बच्चों को फ्री शिक्षा देने का भरोसा दिलाया और साथ ही उन्हें सरकारी आवास व अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की बात भी कही।
लॉकअप में तबीयत बिगड़ने के बाद हुई थी व्यापारी की मौत
घटना की जानकारी के मुताबिक, व्यापारी मोहित पांडेय को पुलिस ने उनके चचेरे भाई के साथ पैसों के विवाद में चिनहट इलाके से उठाया था। पुलिस हिरासत में लॉकअप में उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल नहीं ले जाया गया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
मोहित के भाई शोभाराम, जो उसी लॉकअप में बंद थे, ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मोहित को पुलिस द्वारा टॉर्चर किया गया था और तबीयत बिगड़ने के बावजूद उन्हें इलाज नहीं दिया गया।
चिनहट थाने के इंस्पेक्टर और अन्य पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
मामले में मृतक की मां की तहरीर पर चिनहट थाना इंस्पेक्टर और चचेरे भाई आदेश समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले की जांच निष्पक्ष और त्वरित की जाए।

Related Articles

Back to top button