उत्तर प्रदेश

डेंगू और चिकनगुनिया के मामलों में पिछले साल की तुलना में कमी

व्यापक रणनीति, प्रबन्धन और जन जागरुकता का परिणाम रहा कि इस साल डेंगू और चिकनगुनिया के केसों में उलेखनीय कमी आई है | इस साल जनवरी से अब तक डेंगू के कुल 817 केस आये हैं जबकि पिछले साल यह संख्या 2754 थी | वहीँ चिकनगुनिया के अब तक 51 केस सामने आये हैं पिछले साल इसका संख्या 161 थी |
इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी.सिंह का कहना है कि यह सकारात्मक संकेत है | स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों, समुदाय, प्रशासन, मीडिया, सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से डेंगू और चिकनगुनिया के केसों में कमी आई है | लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा दी गयी, विभाग द्वारा घर-घर सर्विलांस किया गया | स्रोतों को समाप्त किया गया | जनजागरूकता का परिणाम हुआ कि लोगों में व्यवहार परिवर्तन हुआ | उन्होने साफ सफाई रखी, जल जमाव को नियंत्रित किया जिससे मच्छरों को पनपने का अनुकूल वातावरण नहीं मिला और केसों में कमी आई |


इस साल अब तक 24.44 लाख घरों का सर्वे किया गया जिनमे से 3562 घरों में लार्वा पाया गया | कुल 52.61 लाख कंटेनरों का सर्वे किया जिनमें से 3991 कंटेनर में लार्वा पाए गए | मच्छर पनपने के 9586 स्रोत को समाप्त किया गया और 424 घरों को नोटिस जारी किये गए |
यह प्रयास हमें आगे भी जारी रखने हैं क्योंकि यदि लापरवाही बरतेंगे तो केस फिर से बढ़ेंगे | मुख्या चिकित्सा अधिकारी ने लोगों से अपील की कि वह विभाग का सहयोग करें | जमाव न होने दें और मच्छर न पनपने दें | बुखार होने पर स्वयं कोई दवा का सेवन न करें | पास के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जाँच और इलाज कराएँ | “हर रविवार –मच्छर पर वार” के सन्देश को अपनाएं , हर सप्ताह घर में साफ सफाई करें, गमले की प्लेटें, फ्रिज की ट्रे का पानी बदलें | घर के कबाड़ को फेंके जहाँ पानी एकत्र हो सकता है | मच्छरदानी लगाकर सोयें, पूरी बांह के कपड़े पहने |

Related Articles

Back to top button