उत्तर प्रदेश

शहीद के सम्मान में एसबीआई का बड़ा कदम: परिवार को सौंपा 1 करोड़ का बीमा चेक

डिफेंस सैलरी पैकेज की ताकत: सीमा पार भी आसान हुआ सैनिक परिवारों का भरोसा

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), लखनऊ मण्डल ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सैनिक के परिवार के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए 1 करोड़ रुपये का बीमा दावा चेक सौंपा। यह पहल न केवल बैंक की सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती है, बल्कि सशस्त्र बलों के प्रति उसके सम्मान को भी मजबूत करती है।

एसबीआई की एएमसी कैंट शाखा, लखनऊ द्वारा शहीद सैनिक स्वर्गीय होम बहादुर गुरुंग की पत्नी दुर्गा देवी गुरुंग को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत यह राशि प्रदान की गई। गौरतलब है कि स्वर्गीय गुरुंग, जो मूल रूप से नेपाल के निवासी थे, गोरखा राइफल्स में सेवा करते हुए 16 अगस्त 2025 को देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।

चेक सौंपने के दौरान एसबीआई की क्षेत्रीय प्रबंधक अवंतिका सिंह मिश्रा और कर्नल देवेश जयंत जोशी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बैंक की एजीएम दीप्ति द्विवेदी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सेना के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ-साथ गर्व से भी भरा रहा।

इस पहल की एक विशेष बात यह रही कि लखनऊ से जारी किया गया यह चेक नेपाल में भी एसबीआई की शाखाओं के माध्यम से आसानी से जमा और क्लियर किया जा सकता है। इससे यह साबित होता है कि एसबीआई का डिफेंस सैलरी पैकेज (DSP) केवल आर्थिक सुरक्षा ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सैनिकों के परिवारों को सहज और भरोसेमंद बैंकिंग सुविधा प्रदान करता है।

Related Articles

Back to top button