राष्ट्रीय

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी से मिले रक्षा सचिव, पाकिस्तान को कड़ा संदेश

पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब देश में सुरक्षा को लेकर गंभीर मंथन चल रहा है। इससे पहले एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और नौसेना प्रमुख दिनेश के त्रिपाठी भी प्रधानमंत्री से मिल चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास पर हुई इस अहम बैठक में देश की सुरक्षा स्थिति, पाकिस्तान की ओर से आतंकी हमलों को समर्थन और भारत की जवाबी रणनीतियों पर चर्चा हुई। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया था।

इस हमले के एक दिन बाद ही सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक हुई थी, जिसमें रक्षा मंत्री, तीनों सेनाओं के प्रमुख और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मौजूद थे। पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों को पलटवार की पूरी छूट देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवादियों और उनके सरपरस्तों को कड़ी सजा मिलेगी।

सरकार ने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के साथ सर्वदलीय बैठक भी की, जिसमें सभी ने सरकार की किसी भी कड़ी कार्रवाई को समर्थन देने की बात कही। भारत ने पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद का कड़ा जवाब देते हुए सिंधु जल संधि को भी स्थगित कर दिया है और कई आर्थिक पाबंदियां लागू की हैं।

Related Articles

Back to top button