दिल्ली-हरिद्वार सफर होगा आसान: कम होगी दूरी और समय

दिल्ली एनसीआर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एक खुशखबरी है। अब दिल्ली से हरिद्वार (Haridwar) की यात्रा और भी आसान होने वाली है। दिल्ली से उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। यूपी और उत्तराखंड के बीच नई रेलवे लाइन शुरू होने पर दिल्ली समेत यूपी के कई शहरों से हरिद्वार की दूरी कम हो जाएगी और यात्रा का समय भी घटेगा। यूपी और उत्तराखंड (Uttarakhand) के बीच नई रेलवे लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है। इस रेल लाइन के बनने से देवबंद-रुड़की रूट (Deoband Roorkee Route) पर सफर करना काफी आसान हो जाएगा। रेलवे प्रशासन ने नई रेल लाइन का निर्माण पूरा कर लिया है। इस लाइन पर ट्रेनें जल्द ही दौड़ने लगेंगी। रुड़की-देवबंद रेलवे लाइन बनने से न सिर्फ यात्रा सुगम होगी बल्कि समय की भी बचत होगी। रुड़की-देवबंद रेल मार्ग (Deoband Roorkee Route) की योजना लगभग 18 साल पहले बनी थी। 2008 में सर्वे का काम पूरा हुआ और 2010 में निर्माण कार्य शुरू हुआ। काफी लंबे इंतजार के बाद अब रुड़की-देवबंद रेलवे लाइन का काम पूरा हो गया है। नई रेल लाइन बनने से रुड़की से दिल्ली की दूरी करीब 35 किलोमीटर कम हो जाएगी।
दो नए स्टेशन होंगे शामिल
रुड़की-देवबंद नई रेल लाइन का हिस्सा मुरादाबाद और दिल्ली मंडल (Delhi Division) में आता है। इस लाइन की कुल लंबाई 27 किमी है। इसके अलावा, रेलवे ने इस रूट पर दो नए स्टेशन भी बनाए हैं – झबरेड़ा और बन्हेड़ा खास। अब 29 तारीख को सीआरएस (CRS) द्वारा इस रेल मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के सफल होने पर इस लाइन पर ट्रेन संचालन को हरी झंडी मिल जाएगी। शुरुआत में इस रूट पर मालगाड़ियों का संचालन शुरू किया जाएगा। रेलवे ने लाइन की फिटनेस चेक करने और 110 किमी प्रति घंटे की स्पीड ट्रायल की योजना बनाई है। सीआरएस की रिपोर्ट के बाद इस लाइन पर रेल संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।



