राष्ट्रीय

दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल: त्योहार के बाद लौटने वाले यात्रियों को राहत, जानें टाइमिंग और शेड्यूल

बिहार के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। नई दिल्ली से पटना के लिए विशेष वंदे भारत एक्सप्रेस (02252) अब 22, 24, 27 और 29 नवंबर को चलेगी। वहीं, पटना से दिल्ली लौटने के लिए यह ट्रेन (02251) 23, 25, 28 और 30 नवंबर को रवाना होगी। छठ पूजा के बाद ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है, जिससे त्योहार के बाद दिल्ली लौटने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट की सुविधा मिल सकेगी।

ट्रेन का शेड्यूल और ठहराव

नई दिल्ली से पटना के लिए चलने वाली यह ट्रेन सुबह 8:25 बजे रवाना होकर शाम 8 बजे पटना पहुंचती है। वहीं, पटना से दिल्ली के लिए सुबह 7:30 बजे चलकर शाम 7 बजे नई दिल्ली पहुंचती है। रास्ते में यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

अतिरिक्त विशेष ट्रेन की सुविधा

छठ पर्व के कारण कई यात्री अपने घर जाने के लिए बिहार लौटे हैं, जिससे दिल्ली से बिहार आने वाली अधिकांश ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची की टिकट ही उपलब्ध हैं। इस भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक और विशेष ट्रेन (03329/03330) चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 9 और 11 नवंबर को पटना से दोपहर 2:05 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 10 और 12 नवंबर को सुबह 9:30 बजे नई दिल्ली से चलकर अगले दिन दोपहर 2:20 बजे पटना पहुंचेगी। इसके बीच यह दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल पर रुकेगी।
रेलवे के इस निर्णय से त्योहार के बाद यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी, खासकर उन लोगों के लिए जो छठ पर्व के बाद अपने कार्यस्थल दिल्ली वापस लौटना चाहते हैं।

Related Articles

Back to top button