देवरिया:सावित्री हॉस्पिटल पर लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत के बाद परिजनों का हंगामा

संजय मिश्र।
निश्चय टाइम्स देवरिया। देवरिया जनपद के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर स्थित सावित्री हॉस्पिटल एक बार फिर विवादों में आ गया है। ग्राम अघैला, थाना खुखुंदू निवासी अशोक यादव (59 वर्ष) को 1 मई की रात सीने में तेज दर्द की शिकायत पर इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन 5 मई 2025 को उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने इलाज में गंभीर लापरवाही बरती। परिजनों के मुताबिक बार-बार छुट्टी की बात कहकर मरीज को रोका जाता रहा, पर सही इलाज नहीं दिया गया। घटना के बाद मृतक की पत्नी निगम देवी ने रोते हुए कहा कि यदि समय पर उचित इलाज होता, तो अशोक यादव की जान बचाई जा सकती थी।

मरीज की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और सलेमपुर-गोरखपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान सानुघाट से कचहरी चौराहे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात करीब आधे घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलते ही सदर सीओ संजय कुमार रेड्डी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत करा कर जाम खुलवाया। परिजनों की मांग है कि अस्पताल प्रशासन पर सख्त कार्रवाई हो और उन्हें न्याय मिले।
फिलहाल, मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।


