गोंडा

देवीपाटन मण्डल ने IGRS निस्तारण में मारी बाजी

गोंडा। प्रदेश के 18 मण्डलों में से देवीपाटन मण्डल ने जून 2025 की मासिक आईजीआरएस रैंकिंग में पहला स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल जनता की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के मामले में देवीपाटन मण्डल ने पूरे प्रदेश को पीछे छोड़ दिया।
राज्य सरकार द्वारा जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर जारी रैंकिंग में देवीपाटन मण्डल को 80 प्रतिशत से अधिक प्राप्तांक मिले हैं, जबकि डिफॉल्टर शिकायतों की संख्या एक प्रतिशत से भी कम रही। यह प्रदर्शन प्रशासन की कार्यकुशलता और जनता के प्रति उत्तरदायित्व को दर्शाता है।
मण्डलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने इस उपलब्धि को टीम वर्क और प्रशासनिक पारदर्शिता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, ईमानदारी और समयबद्धता को सर्वोपरि रखते हुए कार्य किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इसी तरह जन समस्याओं के समाधान में तत्परता और संवेदनशीलता दिखाई जाए, ताकि शासन-प्रशासन में जनता का विश्वास और मजबूत हो। देवीपाटन मण्डल की यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य मण्डलों के लिए भी एक प्रेरणा है। जनसेवा की इस मिसाल ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में एक नया मानदंड स्थापित किया है।

Related Articles

Back to top button