मनोरंजन

‘डॉन’ के निर्देशक चंद्र बरोट का 86 वर्ष की उम्र में निधन

निश्चय टाइम्स, डेस्क। मशहूर फिल्म ‘डॉन’ के निर्देशक चंद्र बरोट का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रविवार सुबह मुंबई के बांद्रा स्थित गुरु नानक हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। चंद्र बरोट पिछले सात वर्षों से पल्मोनरी फाइब्रोसिस नामक बीमारी से जूझ रहे थे, जो उनके फेफड़ों को लगातार कमजोर कर रही थी। उनकी पत्नी दीपा बरोट के अनुसार, वे लंबे समय से डॉ. मनीष शेट्टी की निगरानी में इलाज करा रहे थे। इससे पहले उन्हें जसलोक हॉस्पिटल में भी भर्ती किया गया था। उनकी मृत्यु की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई है। इंडस्ट्री ने एक ऐसे फिल्मकार को खो दिया, जिसकी एक फिल्म ने भारतीय सिनेमा में इतिहास रचा।

एक फिल्म जिसने बनाई पहचान

तंजानिया से भारत आए चंद्र बरोट ने अपने करियर की शुरुआत बतौर सहायक निर्देशक की थी। उन्होंने मनोज कुमार के साथ ‘पूरब और पश्चिम’, ‘शोर’ और ‘रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी प्रसिद्ध फिल्मों में काम किया। वर्ष 1978 में उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ सुपरहिट फिल्म ‘डॉन’ का निर्देशन किया, जिसने उन्हें रातों-रात शोहरत की ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। इस फिल्म ने अमिताभ बच्चन को भी नई पहचान दी और भारतीय सिनेमा को एक स्थायी आइकॉनिक किरदार मिला। बाद में उन्होंने ‘आश्रिता’ (1989, बंगाली) और ‘प्यार भरा दिल’ (1991, हिंदी) का निर्देशन किया, लेकिन ये फिल्में वैसी सफलता नहीं दोहरा सकीं। इसी कारण उन्हें अक्सर ‘वन-हिट वंडर’ भी कहा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button