राष्ट्रीय

डॉ. अजय कुमार बने UPSC के नए अध्यक्ष, राष्ट्रपति ने की नियुक्ति

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को नया अध्यक्ष मिल गया है। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व रक्षा सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. अजय कुमार को UPSC का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। यह पद 29 अप्रैल को पूर्व अध्यक्ष प्रीति सूदन के कार्यकाल समाप्त होने के बाद रिक्त हो गया था।

डॉ. अजय कुमार 1985 बैच के केरल कैडर के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी हैं। उन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। विशेष रूप से 23 अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2022 तक उन्होंने भारत सरकार में रक्षा सचिव के रूप में कार्य किया। उन्हें प्रशासनिक सूझबूझ और रणनीतिक सोच के लिए जाना जाता है, और उनका अनुभव UPSC जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के लिए बेहद लाभकारी माना जा रहा है।

इस बीच, एक अन्य नियुक्ति में 1986 बैच की पूर्व आईएएस अधिकारी अनुराधा प्रसाद ने UPSC की सदस्य के रूप में शपथ ली है। वे ओडिशा कैडर की अधिकारी रही हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी उनकी पृष्ठभूमि प्रभावशाली रही है। अनुराधा ने लेडी श्रीराम कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक और दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में मास्टर्स किया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के बर्मिंघम विश्वविद्यालय से विकास प्रशासन में भी मास्टर डिग्री प्राप्त की है।

Related Articles

Back to top button