अंतरराष्ट्रीय

भूकंप से फिर कांपी धरती: तिब्बत और इंडोनेशिया में सुबह-सुबह लगे झटके

23 मई 2025 की सुबह एक बार फिर धरती कांपी जब चीन के तिब्बत क्षेत्र में सुबह 9:27 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.2 मापी गई, जबकि भूकंप का केंद्र चीन-नेपाल सीमा के पास था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने यह जानकारी साझा की है। भूकंप का केंद्र भूमि से 20 किलोमीटर गहराई में था। झटके लगते ही स्थानीय लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। तिब्बत क्षेत्र में भूकंप कोई नई बात नहीं है। यहां भूकंपीय गतिविधियां लगातार होती रहती हैं। इससे पहले 12 मई की रात को भी यहां रिक्टर स्केल पर 5.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसमें भी सौभाग्यवश कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। इसी के साथ आज सुबह ही इंडोनेशिया के दक्षिणी सुमात्रा क्षेत्र में भी 5.9 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया।

यह झटका जमीन के 10 किलोमीटर अंदर दर्ज किया गया। इंडोनेशिया भी एक भूकंप संवेदनशील क्षेत्र है और यहाँ अक्सर भूकंपीय हलचल दर्ज की जाती है। यहां भी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

वैज्ञानिकों के अनुसार, तिब्बत और इंडोनेशिया दोनों ही भूकंपीय प्लेटों की सक्रिय सीमाओं पर स्थित हैं, जिस कारण इन क्षेत्रों में भूकंप की संभावना हमेशा बनी रहती है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय-समय पर आने वाले मध्यम तीव्रता के भूकंप बड़े झटकों के खतरे की चेतावनी हो सकते हैं। लोगों को सतर्क रहने और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। खासकर ऊँचाई वाले और भूस्खलन-प्रवण इलाकों में रह रहे लोगों को भूकंप सुरक्षा उपायों की जानकारी और तैयारियाँ रखना जरूरी बताया गया है।

Related Articles

Back to top button