मेरठ के व्यापारियों की आवाज़ पीएम तक पहुँची
विनीत अग्रवाल शारदा ने सौंपा विस्तृत पत्र, राहत की माँग तेज

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी एफ हिंदी
मेरठ के व्यापारियों की पीड़ा अब देश के शीर्ष नेतृत्व तक पहुँच गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री विनीत अग्रवाल शारदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक विस्तृत पत्र सौंपकर मेरठ जनपद, विशेषकर शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।
पत्र में श्री शारदा ने भावुक शब्दों में उल्लेख किया कि मेरठ का व्यापारी वर्ग स्वयं को आज असुरक्षित और उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर 2025 को सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 661/6, सेंट्रल मार्केट, शास्त्री नगर स्थित 22 दुकानदारों के कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त कर दिया गया, लेकिन इसके बाद भी प्रभावित व्यापारियों को अब तक कोई ठोस सरकारी सहायता नहीं मिली, जबकि उन्हें पुनर्वास और मदद का आश्वासन दिया गया था।
श्री शारदा ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से करबद्ध निवेदन किया कि प्रभावित व्यापारियों के भविष्य, उनके परिवारों की आजीविका और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक दुकानों की व्यवस्था, कॉम्प्लेक्स में स्थान, आर्थिक सहायता और समुचित सुरक्षा प्रदान की जाए।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट, शास्त्री नगर सेक्टर-2 मार्केट, माधव नगर और जागृति विहार के लगभग 1478 व्यापारी वर्तमान में प्रशासनिक नोटिसों और दुकानों पर लगाए जा रहे निशानों से भयभीत हैं। ये व्यापारी पिछले 35–40 वर्षों से वैध रूप से व्यापार कर रहे हैं। यदि किसी स्तर पर प्रशासनिक त्रुटि हुई है, तो उसका दंड निर्दोष व्यापारियों को नहीं मिलना चाहिए।
मेरठ के समग्र विकास की प्रमुख माँगें
पत्र में विनीत अग्रवाल शारदा ने मेरठ एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और आधारभूत विकास के लिए टेक्सटाइल पार्क, ज्वेलरी पार्क, बैंड-बाजा एवं कैंची उद्योग के लिए विशेष क्लस्टर, मेरठ में हवाई अड्डा, एम्स स्तर का अस्पताल, आउटर रिंग रोड, मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन का शीघ्र आधुनिकीकरण, स्पोर्ट्स पार्क, हाईकोर्ट बेंच और मेरठ कैंटोनमेंट के सिविल एरिया में विलय जैसी अहम माँगें रखीं।
उन्होंने मेरठ में नमो भारत ट्रेन और मेट्रो सेवा के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे व्यापार, उद्योग, एमएसएमई और आम जनता को अभूतपूर्व गति मिलेगी।



