राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने सरकार की उदासीनता के खिलाफ आंदोलन का किया ऐलान
निश्चय टाइम्स, लखनऊ। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आगामी 24 जून को प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। यह आंदोलन कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी जिला मुख्यालयों पर भूख हड़ताल और सत्याग्रह किया जाएगा। इस दिन सुबह 11 बजे से कर्मचारी और पदाधिकारी सामूहिक रूप से भूख हड़ताल पर बैठकर सरकार से अपनी लंबित मांगों के निपटारे की मांग करेंगे। परिषद के अध्यक्ष सुरेश रावत ने जानकारी दी कि यह निर्णय 22 मई 2025 को हुई संयुक्त मोर्चा की बैठक में लिया गया था। उन्होंने कहा कि इस सत्याग्रह के माध्यम से सरकार और शासन का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर आकृष्ट किया जाएगा। साथ ही, उसी दिन आगामी निर्णायक आंदोलन की रूपरेखा की घोषणा भी की जाएगी।
परिषद के महामंत्री अतुल मिश्रा ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव (कार्मिक) को पत्र भेजकर इस आंदोलन की पूर्व सूचना दी है। उन्होंने कहा कि परिषद ने बार-बार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन से प्राथमिकता के आधार पर वार्ता की मांग की है, लेकिन कई वर्षों से कोई भी औपचारिक बैठक नहीं हो सकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषद की मंशा कभी भी संघर्ष की स्थिति उत्पन्न करने की नहीं रही है, परंतु शासन की उदासीनता और संवेदनहीनता ने कर्मचारियों को सड़कों पर उतरने को विवश कर दिया है। मिश्रा ने सरकार से अपील की है कि वह समय रहते संवेदनशीलता दिखाते हुए कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करे, जिससे टकराव की स्थिति टाली जा सके।
