बिज़नेस

महिला सशक्तिकरण और हिंदी को बढ़ावा

डिजिटल युग में राजभाषा का बढ़ता प्रभाव

यूनियन बैंक में विशेष कार्यशाला आयोजित

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 19 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय में एक दिवसीय “महिला विशेष हिंदी कार्यशाला” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष पाण्डेय तथा कार्यपालक निदेशक नितेश रंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरीश सिंह चौहान (गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग) उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में चित्रा देसाई ने सहभागिता की।

इस अवसर पर बैंक में हिंदी के प्रचार-प्रसार और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला कार्यपालकों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने बैंकिंग कार्यों में हिंदी के बढ़ते उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल युग में ई-टूल्स और तकनीकी संसाधनों ने राजभाषा में काम करना और अधिक सरल व प्रभावी बना दिया है।

कार्यक्रम में ग्राहक सेवा में मातृभाषा और क्षेत्रीय भाषाओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया गया। साथ ही महिला नेतृत्व विकास, बदलते बैंकिंग परिवेश और कार्य संस्कृति में संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्य अतिथि हरीश सिंह चौहान ने राजभाषा नियमों और अधिनियम की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके प्रभावी अनुपालन पर बल दिया। वहीं, चित्रा देसाई ने “महिला सशक्तिकरण” विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को नई ऊर्जा प्रदान की।

कार्यशाला का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना रहा। अंत में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button