छात्राओं को तिलक, पेड़ा खिलाकर बढ़ाया उत्साह
📰 यूपी बोर्ड परीक्षा 2026: पहले दिन मंत्री गुलाब देवी का निरीक्षण

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Gulab Devi ने यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिवस राजधानी लखनऊ स्थित Rajkiya Balika Inter College, विक्रमादित्य मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मंत्री ने छात्राओं को टीका-चंदन कर पेड़ा खिलाकर मुंह मीठा कराया और शांत मन से परीक्षा देने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी मेहनत से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर माता-पिता, गुरुजनों और प्रदेश का नाम रोशन करें।
🔹 परीक्षा का व्यापक आयोजन
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जियामऊ (केंद्र कोड-341874) में प्रथम पाली में हाईस्कूल हिन्दी विषय के 304 और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट हिन्दी के 352 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक प्रदेशभर में आयोजित हो रही हैं। प्रथम दिवस हाईस्कूल हिन्दी परीक्षा 8,033 केंद्रों पर 27,54,376 परीक्षार्थियों के साथ संपन्न हुई, जबकि इंटरमीडिएट हिन्दी परीक्षा 7,998 केंद्रों पर 24,99,370 परीक्षार्थियों के लिए आयोजित की गई।
🔹 53 लाख से अधिक छात्र शामिल
इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं—हाईस्कूल में 27,61,696 और इंटरमीडिएट में 25,76,082। प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्तपोषित विद्यालय शामिल हैं।
🔹 हाईटेक निगरानी व्यवस्था
लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय हाईटेक कंट्रोल रूम से 75 जिलों के सभी केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग और वेबकास्टिंग की जा रही है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में वॉयस रिकॉर्डरयुक्त दो सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, राउटर और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था की गई है।
18 जनपदों को संवेदनशील घोषित किया गया है। 222 केंद्र अति संवेदनशील और 683 केंद्र संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित हैं। एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।
🔹 कदाचार पर सख्ती
प्रश्नपत्र डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखे गए हैं और उत्तर पुस्तिकाएं विशेष सुरक्षा फीचर के साथ मुद्रित हैं। सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के तहत नकल पर कठोर दंड का प्रावधान है।
टोल-फ्री हेल्पलाइन 18001806607, 18001806608 तथा परिषद प्रयागराज के हेल्पलाइन नंबर सक्रिय हैं।
मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नकलविहीन, पारदर्शी और शुचितापूर्ण परीक्षा कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



