सीजफायर के बाद भी पाकिस्तान ने नहीं सुधारी हरकत, जम्मू-कश्मीर में फिर किया उल्लंघन

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को घोषित संघर्षविराम (Ceasefire) के बावजूद सीमा पर हालात पूरी तरह शांत नहीं हैं। सीजफायर की घोषणा से पहले पाकिस्तान की ओर से की गई भारी गोलाबारी में 2 सुरक्षा अधिकारी और 5 आम नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ये हमला जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में हुआ, जिससे स्थानीय आबादी में दहशत का माहौल है।

हालांकि दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच हुई बातचीत के बाद शाम 5 बजे से सीजफायर लागू हो गया, लेकिन इसके तुरंत बाद ही पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन कर दिया। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि घायलों का इलाज जारी है, और सीमाई इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
पाकिस्तानी हमले से पहले ही भारत और पाकिस्तान के बीच काफी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी, जिसकी वजह 7 मई को भारत का ऑपरेशन सिंदूर और उसके जवाब में पाकिस्तान की मिसाइल चेतावनी थी। संघर्षविराम के बावजूद स्थानीय लोगों को राहत नहीं मिली है क्योंकि गोलीबारी की घटनाएं अभी भी रुक-रुक कर जारी हैं।



