उत्तर प्रदेश

सहारनपुर में पारिवारिक विवाद बना खूनी तांडव

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह के सांगाठेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां भाजपा नेता योगेश रोहिला ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर गोलियां चला दीं। इस भयावह वारदात में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद योगेश ने खुद एसएसपी को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी और बच्चों को गोली मार दी है और खुद को भी मारने वाला है। इस सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि योगेश की बेटी श्रद्धा (8), बेटा देवांश (7) और शिवांश (4) खून से लथपथ पड़े थे। पत्नी नेहा गंभीर रूप से घायल थी और जिंदगी और मौत के बीच झूल रही थी। वहीं, योगेश पिस्टल हाथ में लिए बैठा था। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि योगेश को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इस कारण पिछले कुछ महीनों से उनके बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान नेहा ने हाथ जोड़कर पति से बच्चों की खातिर खुद को न मारने की गुहार लगाई, लेकिन योगेश ने उसकी एक न सुनी और एक-एक कर सभी को गोली मार दी।

योगेश रोहिला भाजपा में जिला कार्यसमिति का सदस्य था और गांव में मंत्री जैसी जिंदगी जीता था। उसके पास एक कैंप कार्यालय था, जिसमें बड़े नेताओं की तस्वीरें लगी थीं। उसने लाइसेंसी पिस्टल से इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने योगेश को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। नेहा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे चंडीगढ़ रेफर किया गया है। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Back to top button