राष्ट्रीय

सुपौल-दिल्ली लग्जरी बस में लगी आग, सभी 150 यात्री सुरक्षित

पूर्वी चंपारण: सुपौल से दिल्ली जा रही शिवमहिमा नामक एक लग्जरी बस में अचानक आग लग गई। यह हादसा पीपराकोठी थाना क्षेत्र स्थित एनएच 27 पर बंगरी रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर हुआ। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे के समय बस में करीब 150 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।
आग लगने से मची अफरा-तफरी

बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही यात्रियों को तुरंत बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, बस में कुछ जलने की गंध करीब तीन किलोमीटर पहले से ही महसूस हो रही थी। चालक और कंडक्टर को इस बात की जानकारी दी गई, लेकिन तब तक बस में आग की लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही पीपराकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अग्निशमन दल को बुलाया। भारी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस में रखा सारा सामान भी जलकर खाक हो गया।

बस में आग लगने का कारण अज्ञात

अग्निशमन विभाग और पुलिस टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, बस मालिक और चालक से पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। कुछ यात्रियों ने बताया कि अगर बस रुक जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन चालक की सतर्कता और यात्रियों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई। प्रशासन ने यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button