[the_ad id="4133"]
Home » इंडिया » उत्तर प्रदेश » प्रयागराज » पौष पूर्णिमा पर पहला स्नान, 60 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी, विदेशी भक्त बोले- जय श्रीराम

पौष पूर्णिमा पर पहला स्नान, 60 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी, विदेशी भक्त बोले- जय श्रीराम

प्रयागराज। महाकुंभ का शुभारंभ हो चुका है। पौष पूर्णिमा पर सुबह 8 बजे तक 60 लाख श्रद्धालुओं ने डुबकी लगा ली है। यह आंकड़ा 1 करोड़ तक पहुंच सकता है। 12 किमी एरिया में बना स्नान घाट श्रद्धालुओं से भरा है। संगम में हर घंटे में 2 लाख लोग स्नान कर रहे हैं। आज से ही श्रद्धालु 45 दिन का कल्पवास शुरू करेंगे। शहरी विकास मंत्री एके शर्मा ने महाकुंभ में आने वाले भक्तों को माला पहनाकर स्वागत किया। उनसे शहर और संगम क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। इससे पहले प्रयागराज नगर निगम की ओर से फायर ब्रिगेड चौराहे से स्वच्छता रैली निकाली गई।

संगम पर एंट्री के सभी रास्तों में भक्तों की भीड़ है। महाकुंभ में वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। इसके चलते श्रद्धालु 10-12 किलोमीटर पैदल चलकर संगम पहुंच रहे हैं। 60 हजार जवान सुरक्षा और व्यवस्था संभालने में लगे हैं। पुलिस कर्मी स्पीकर से लाखों की संख्या में आई भीड़ को मैनेज कर रहे हैं। जगह-जगह कमांडो और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी तैनात हैं। भीषण ठंड में विदेशी भक्त भी डुबकी लगा रहे हैं। ब्राजील के आए श्रद्धालु फ्रांसिस्को ने कहा- मैं योग का अभ्यास करता हूं। मोक्ष की खोज कर रहा हूं। भारत दुनिया का आध्यात्मिक हृदय है। जय श्रीराम।

एपल के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल जॉब्स भी महाकुंभ पहुंच चुकी हैं। उन्होंने निरंजनी अखाड़े में अनुष्ठान किया। वह कल्पवास भी करेंगी। महाकुंभ 144 साल में दुर्लभ खगोलीय संयोग में हो रहा है। महाकुंभ को लेकर गूगल ने भी खास फीचर शुरू किया। महाकुंभ टाइप करते ही पेज पर वर्चुअल फूलों की बारिश हो रही है।

यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा- महाकुंभ 2025 का शुभारंभ आज सुबह के स्नान से हो गया है। करीब 60 लाख लोग इसमें डुबकी लगा चुके हैं। इस बार का कुंभ आस्था और आधुनिकता का संगम है। हम लोगों ने पारंपरिक पुलिस व्यवस्था से हटकर तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल कर श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था दी है। इस बार कुंभ भव्य, दिव्य, डिजिटल और सुरक्षित हो, इसके लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।

पूरी दुनिया में सबसे बड़ा धार्मिक समागम इस महाकुंभ को माना जा रहा है। एक अनुमान के अनुसार 8 से 10 लाख श्रद्धालु कल्पवास करेंगे। वैसे तो महा कुंभ प्रत्येक बरस साल के अंतराल में आयोजित होता है। प्रयागराज में इस बार महाकुंभ आज यानी 13 जनवरी से प्रारंभ हुआ है। पहला शाही स्नान मकर संक्रांति के दिन होगा। इस स्नान को अमृत स्नान कहा जाता है। आज तड़के 3 बजे से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र संगम में स्नान कर पूजा पाठ करना शुरू कर दिए। आज पूर्णिमा है इसलिए इसे पास पूर्णिमा स्नान कहा जाता है।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने महाकुंभ को लेकर बड़ा इंतजाम किया है। प्रयागराज कुंभ मेला क्षेत्र को अलग जिला का दर्जा दिया गया है। बड़ी संख्या में सुरक्षा बल लगाए गए हैं। मेला क्षेत्र को 5 सेक्टर में बांटा गया है। वॉलिंटियर्स भी बड़ी संख्या में लगे हैं। अलग-अलग संगठनों के लोग भी मेला में व्यवस्था बनाने में सहयोग दे रहे हैं। मंगलवार को मकर संक्रांति के दिन पहले शाही स्नान होगा। महाकुंभ में 13 अखाड़े का जुटान हुआ है। सबसे पहले महानिर्वाणी अखाड़ा के साधु संत स्नान करेंगे। औसत रूप में सभी अखाड़ों को 40 मिनट का समय दिया गया है। सबसे बड़ा अखाड़ा जूना अखाड़ा है। उसे शाही स्नान के लिए अधिक समय मिलता है।

Admin Desk
Author: Admin Desk

Share This

Post your reaction on this news

Leave a Comment

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com