ध्वज दंड: श्रद्धा का प्रतीक, भव्यता का विस्तार, बढ़ी मंदिर की कुल ऊंचाई
निश्चय टाइम्स, लखनऊ। अयोध्या | वैशाख शुक्ल द्वितीया | अयोध्या नगरी आज एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनी, जब श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भव्य मुख्य शिखर पर पारंपरिक वैदिक विधियों के साथ 42 फुट ऊंचा स्वर्णिम ध्वज दंड स्थापित किया गया। यह पावन कार्य मंगलवार सुबह ठीक 8 बजे संपन्न हुआ, जिसने समस्त रामभक्तों के मन में श्रद्धा और गर्व की लहर दौड़ा दी।
तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय ने दी जानकारी
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने बताया कि ध्वज दंड की स्थापना की प्रक्रिया सुबह 6:30 बजे प्रारंभ हुई थी और पूर्वनिर्धारित समयानुसार विधिपूर्वक पूर्ण की गई। इस अद्भुत ध्वज दंड की स्थापना के साथ ही अब श्रीराम मंदिर की कुल ऊंचाई 203 फुट हो गई है, जिसमें मूल शिखर की ऊंचाई के साथ ध्वज दंड भी सम्मिलित है।यह ध्वज दंड केवल मंदिर की संरचनात्मक भव्यता को ही नहीं बढ़ाता, बल्कि यह श्रीराम भक्ति का ऊर्जामयी प्रतीक भी बन चुका है। ऊँचे शिखर पर लहराता यह ध्वज जैसे सम्पूर्ण भारत और विश्व को यह संदेश दे रहा है कि “मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का यश सदैव सर्वोच्च रहेगा।” आज के इस पावन क्षण ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं, और आसमान में लहराता भगवा ध्वज उनकी आस्था और आत्मबल का प्रतीक बन गया।

Author: Sweta Sharma
I am Sweta Sharma, a dedicated reporter and content writer, specializes in uncovering truths and crafting compelling news, interviews, and features.