लखनऊ
राजभवन में पुष्प प्रदर्शनी: फूलों की खुशबू और भव्य झांकियों के बीच उमड़ा जनसैलाब

लखनऊ: राजभवन में चल रही तीन दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का नज़ारा किसी सपनों की दुनिया से कम नहीं। रंग-बिरंगे फूलों की महक, भव्य झांकियां और हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ ने इस आयोजन को खास बना दिया। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

इस प्रदर्शनी में 635 से अधिक प्रकार के फूलों ने वातावरण को सुगंधित और रंगीन बना दिया। लेकिन सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बना फूलों से सजा श्रीराम मंदिर, गणपति प्रतिमा और भारत का नक्शा। इन झांकियों के पास लोगों की भीड़ उमड़ी रही, हर कोई इन मनमोहक झांकियों के साथ फोटो और सेल्फी लेने में व्यस्त नजर आया।

इस साल प्रदर्शनी में 1774 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार की सब्जियों के स्टॉल भी लगे थे, जिन्होंने खासतौर पर महिलाओं को आकर्षित किया। कुछ महिलाओं ने बातचीत के दौरान कहां कि यहां उन्हें ऐसी सब्जियां देखने को मिलीं, जिन्हें उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था।
स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क चिकित्सा स्टॉल भी लगाए गए है। इसके अलावा, अलग-अलग प्रकार के गुलाबों और ताजे फलों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए है।

प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों की भागीदारी भी देखने लायक थी। एक खास स्टॉल में बच्चों ने छूहेड़ा का पेड़, महाकुंभ की झांकियां और कलाकारी वाली साड़ियां प्रदर्शित कीं। इसके अलावा, बच्चों ने भगवान गणेश और भगवान राम की फूलों से सजी प्रतिमाओं को देखकर खुशी जाहिर की।
प्रदर्शनी का माहौल बेहद उत्साहजनक था। हर कोई अपने कैमरे में इस खास पल को कैद करना चाहता था। कोई खुद की फोटो ले रहा था, तो कोई अपने परिवार और दोस्तों के साथ इस यादगार अनुभव को संजोने में लगा था।

यह प्रदर्शनी सिर्फ फूलों के प्रति प्रेम ही नहीं, बल्कि प्रकृति की सुंदरता को भी दर्शाती है।
read more : उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से परिवार के नौ लोग घायल



