राष्ट्रीय आयुष मिशन का सराहनीय कदम, CISF परिवारों के लिए लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
CISF कैंप जानकीपुरम में गूंजा योग और आयुर्वेद का संदेश, जवानों को मिला मुफ्त स्वास्थ्य लाभ

निश्चट टाइम्स न्यूज डेस्क)।
Central Industrial Security Force (CISF) कैंप, सेक्टर–G, कुर्सी रोड, जानकीपुरम में राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में निःशुल्क आयुर्वेद एवं योग स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में CISF के जवानों एवं उनके परिजनों को आयुर्वेदिक परामर्श, योग सत्र और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मिशन निदेशक आयुष, श्रीमती चैत्रा वी. की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि सहायक कमांडेंट एन.एन. मीना सहित आयुष विभाग के चिकित्सक और योग प्रशिक्षक मौजूद रहे। शिविर की शुरुआत योग सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

अपने संबोधन में आयुष निदेशक ने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हल्दी, अदरक, जीरा और धनिया जैसे घरेलू मसाले औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं और बीमारियों से बचाव में मदद करते हैं।
उन्होंने संतुलित आहार, आयुर्वेदिक जीवनशैली और नियमित तेल मालिश के महत्व पर भी प्रकाश डाला। महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष सुझाव दिए गए और प्राकृतिक उपायों को अपनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने ऐसे शिविरों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए आयुर्वेद और योग के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता जताई।



