₹2000 नोट वापसी: फैसले ने खड़े किए भरोसे और नीति पर बड़े सवाल
बार-बार मुद्रा बदलाव से आम जनता परेशान, क्या यही है ‘क्लीन नोट पॉलिसी’?

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क (हिंदी)
। ₹2000 के नोट को प्रचलन से वापस लेने के फैसले ने एक बार फिर आर्थिक नीतियों की स्थिरता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। Reserve Bank of India द्वारा “क्लीन नोट पॉलिसी” के तहत लिया गया यह निर्णय भले ही तकनीकी तौर पर उचित बताया जा रहा हो, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर आम नागरिकों और छोटे कारोबारियों पर साफ दिखाई दे रहा है।
2016 में नोटबंदी के बाद जल्दबाजी में लाए गए ₹2000 के नोट को अब अप्रासंगिक बताकर हटाया जा रहा है। सवाल यह उठता है कि अगर यह नोट इतना कम उपयोगी था, तो इसे जारी ही क्यों किया गया? और अगर जारी किया गया, तो इतनी जल्दी इसे वापस लेने की जरूरत क्यों पड़ी?
आरबीआई के आंकड़े बताते हैं कि 89% नोट 2017 से पहले जारी हुए थे और अब अपनी आयु पूरी कर चुके हैं। लेकिन यह भी हकीकत है कि 2023 तक भी ₹3.62 लाख करोड़ मूल्य के नोट बाजार में मौजूद थे। ऐसे में अचानक वापसी का फैसला आम लोगों के लिए असमंजस और असुविधा का कारण बना।
हालांकि सरकार और Reserve Bank of India का दावा है कि नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे, लेकिन बैंक शाखाओं में लंबी कतारें और लोगों की चिंता इस दावे को कमजोर करती नजर आई। ₹20,000 तक की सीमा में एक्सचेंज की व्यवस्था भी कई लोगों के लिए समय और संसाधन की चुनौती बन गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि बार-बार इस तरह के फैसले देश की नकदी अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता बढ़ाते हैं। छोटे व्यापारियों, ग्रामीण क्षेत्रों और नकद आधारित अर्थव्यवस्था पर इसका सबसे अधिक असर पड़ता है।
यह कदम भले ही “सिस्टम क्लीन” करने के नाम पर उठाया गया हो, लेकिन इससे जनता के मन में यह सवाल जरूर गहराया है कि क्या आर्थिक नीतियों में दीर्घकालिक सोच की कमी है?



