मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र की खुशहाल कॉलोनी में एक महिला ने अपने पति के अवैध संबंधों से परेशान होकर आग लगाकर जान दे दी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर आज सुबह मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव पति को सौंप दिया है। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि अभी मायके पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।
शबनम अपने पति जाहिद उर्फ बॉबी और बच्चों के साथ पांच साल से खुशहाल कॉलोनी में किराए पर रह रही थी। बृहस्पतिवार को जाहिद का पत्नी शबनम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद जाहिद काम पर चला गया। शाम करीब चार बजे शबनम ने खुद को आग लगा ली। शबनम 80 फीसदी झुलस गई थी। मौके से मिले सुसाइड नोट में महिला ने पति का दूसरी महिला से संबंध होने और परेशान होकर जान देने की बात लिखी थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने मौके पर बताया है कि शबनम के पति का किसी से संबंध है, जिसको लेकर रोजाना दंपती में विवाद होता था। सुसाइड नोट पुलिस के पास है। अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
