गाजियाबाद: अगले महीने से बढ़ सकता है टोल शुल्क, एक्सप्रेसवे पर यात्रा होगी महंगी

गाजियाबाद। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अगले महीने से राष्ट्रीय राजधानी से जुड़ने वाले प्रमुख एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय को लगभग 5% टोल शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है और अधिकारी इस मुद्दे पर खुलकर बात करने से बच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, सोहना एलिवेटेड रोड और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क में वृद्धि का प्रस्ताव दिया गया है। यदि इसे मंजूरी मिलती है, तो इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले से अधिक शुल्क देना होगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एवं व्यक्तिगत सचिव कुनाल का कहना है कि अभी तक उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। टोल शुल्क वृद्धि का अंतिम निर्णय मंत्रालय से आने वाले आदेश पर निर्भर करेगा। यदि टोल शुल्क बढ़ाया जाता है, तो इसका सीधा प्रभाव दैनिक यात्रियों, लॉजिस्टिक्स कंपनियों और परिवहन व्यवसायों पर पड़ेगा। दिल्ली-एनसीआर में पहले से ही यातायात और परिवहन लागत अधिक है, ऐसे में टोल दरों में वृद्धि आम जनता के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन सकती है।



