झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर विपक्षी पार्टियों पर तीखा हमला किया। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये पार्टियां झारखंड को “बांग्लादेश” और रांची को “कराची” बनाना चाहती हैं।
वोटर्स से खास अपील
गिरिराज सिंह ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “जब आप मतदान करें, तो केवल विधायक चुनने के लिए नहीं, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य और बहु-बेटियों की इज्जत के लिए वोट दें।” उन्होंने विपक्षी दलों पर समाज को बांटने और घुसपैठियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
‘बेटी, माटी और रोटी खतरे में’
गिरिराज सिंह ने कहा कि रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को हेमंत सोरेन और कांग्रेस का समर्थन मिल रहा है। इसका सीधा असर झारखंड की सुरक्षा और सामाजिक समरसता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “झारखंड में बेटी, माटी और रोटी खतरे में हैं। अगर आप इन पार्टियों को वोट देंगे, तो झारखंड और दुमका बांग्लादेश बन जाएगा, और रांची कराची।”
योगी आदित्यनाथ का नारा याद दिलाया
गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नारा याद दिलाते हुए कहा, “एक रहोगे तो सेफ रहोगे, बंटोगे तो कटोगे।” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे उन दलों को वोट दें जो देश की एकता और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विरोधियों का पलटवार
इस बयान के बाद विपक्षी दलों ने गिरिराज सिंह पर चुनावी माहौल में साम्प्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया। कांग्रेस और जेएमएम ने इसे आधारहीन और भड़काऊ करार दिया।
चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में गिरिराज सिंह का यह बयान सियासी हलचल पैदा कर चुका है। अब देखना होगा कि मतदाता इसे कैसे लेते हैं और चुनावी नतीजों पर इसका क्या असर पड़ता है।