
Anandiben Patel ने बुधवार को वाराणसी जनपद के रामनगर स्थित राजकीय बालिका गृह (पॉक्सो) का निरीक्षण कर वहां रह रही बालिकाओं से संवाद किया। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस संस्थान में राज्यपाल ने व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संवाद के दौरान राज्यपाल ने बालिकाओं को कंप्यूटर शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि डिजिटल ज्ञान और तकनीकी दक्षता आत्मनिर्भरता की कुंजी है। आधुनिक शिक्षा के माध्यम से बालिकाएं अपने भविष्य को सशक्त बना सकती हैं और समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकती हैं।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने अध्ययन कक्ष, भंडार कक्ष और रसोई कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, पोषण और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संस्था से रोजगार के माध्यम से पुनर्वासित बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा किए, जिसकी राज्यपाल ने सराहना की।
राज्यपाल ने जिलाधिकारी वाराणसी और Mahatma Gandhi Kashi Vidyapith के कुलपति को निर्देश दिए कि बालिकाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि उनका सामाजिक और आर्थिक पुनर्वास सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने संस्था की विजिटिंग डॉक्टर से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण व समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। राज्यपाल का यह दौरा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, शिक्षा और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



