
निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की उत्तर संध्या पर ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा लखनऊ में महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अंचल सचिव संदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसका उद्देश्य बैंकिंग क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सुषमा खरकवाल, महापौर लखनऊ, मौजूद रहीं। उनके साथ कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय प्रशासन अयोध्या मंडल की अधिकारी रितु सिंह, Apollo Hospital की सह निदेशक डॉ. नेहा नेगी, महिला एवं बाल सुरक्षा विभाग के पुलिस महानिरीक्षक शुभाष चंद्र दुबे, Reserve Bank of India लखनऊ की महाप्रबंधक श्रद्धा ठाकुर, Bank of Baroda की उप महाप्रबंधक निधि ठाकुर तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही शामिल रहीं।

कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा की लगभग 150 महिला अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफिसर्स एसोसिएशन की संयुक्त राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं अंचल महिला समन्वयक सुप्रिया गुप्ता ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ और महिलाओं के सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि महापौर सुषमा खरकवाल ने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और बैंकिंग सेक्टर में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती जा रही है। वहीं रितु सिंह ने महिलाओं के अधिकारों, आर्थिक स्वावलंबन और कार्यस्थल पर लैंगिक समानता को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान “महिला नेतृत्व और वित्तीय समावेशन”, “कार्यस्थल पर लैंगिक समानता” और “महिलाओं के लिए करियर विकास के अवसर” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का समापन महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश के साथ हुआ, जिसमें वक्ताओं ने कहा कि किसी भी विकसित समाज की कल्पना महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है।



