धर्म

ऐशबाग में सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, भूमि पूजन के साथ निशानोत्सव का आगाज़

निश्चय टाइम्स डेस्क।
राजधानी में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का महासंगम एक बार फिर सजने जा रहा है। श्री श्याम ज्योत मंडल द्वारा आयोजित 44वां तीन दिवसीय श्याम निशानोत्सव 20 फरवरी से ऐशबाग के तिलकनगर स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में भव्य रूप से प्रारंभ होगा। इसी क्रम में बाबा श्याम के भव्य दरबार के निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन कर आधारशिला रखी गई।

भूमि पूजन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने खाटू नरेश से उत्सव के निर्विघ्न और सफल आयोजन की मंगलकामना की। नींव पूजन के तुरंत बाद दरबार निर्माण कार्य शुरू करने की घोषणा की गई। इस वर्ष “जमघट म्हारो श्याम का” थीम पर आयोजित हो रहे इस महोत्सव में लखनऊ समेत आसपास के जिलों से हजारों भक्तों के पहुंचने की संभावना है।

मंडल के मीडिया प्रभारी अनुपम मित्तल ने बताया कि 20 और 21 फरवरी को देश के नामचीन भजन गायक भक्ति की गंगा बहाएंगे। जयपुर के कुमार नरेंद्र, संजय पारीक, नवीन शर्मा और रोहित शर्मा, रांची की पूजा पारीक, कोलकाता के लव अग्रवाल, संजय शर्मा और अरविंद सहल तथा कानपुर के कुमार मुकेश अपने सुरों से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे।

22 फरवरी को सतरंगी ध्वजा शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो तिलकनगर से प्रारंभ होकर रामनगर, शास्त्रीनगर, रकाबगंज, पांडेगंज, रानीगंज, सराय फाटक, फतेहगंज, श्रीराम रोड, कैसरबाग, परिवर्तन चौक होते हुए बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर तक पहुंचेगी। यह शोभायात्रा भक्ति और उल्लास का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगी।

23 फरवरी को श्रद्धालु बसों के माध्यम से श्याम ध्वजा लेकर खाटू धाम के लिए रवाना होंगे।

इस बार दरबार निर्माण कार्य का जिम्मा गिनीज बुक रिकॉर्ड होल्डर असीम मात्या और कानपुर के श्री बाजोरिया जी को सौंपा गया है। टेंट की व्यवस्था राम कृष्ण टेंट द्वारा की जाएगी। आयोजन में श्रवण अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, सुरेश कंछल, अनिल अग्रवाल, बनवारी लाल कंछल, राजेंद्र अग्रवाल, सचिन कंछल, योगेंद्र, मोहित, अंजुल, विवेक सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

आयोजकों का कहना है कि यह निशानोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का भी संदेश देता है।

Related Articles

Back to top button