मल्ल राजवंश के भव्य राजदरबार में विराजेंगे बाबा खाटू नरेश
20 फरवरी से महाराजा अग्रसेन पार्क में सजेगा “जमघट म्हारे श्याम का”

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क।
लखनऊ। श्री श्याम ज्योत मंडल द्वारा 44वां श्री श्याम निशानोत्सव ऐशबाग स्थित तिलकनगर के महाराजा अग्रसेन पार्क में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। “जमघट म्हारे श्याम का” थीम पर आधारित यह तीन दिवसीय उत्सव 20 फरवरी से प्रारंभ होगा, जिसमें श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक वैभव का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
तीन दिन भक्ति की गूंज
निशानोत्सव के पहले दो दिन देश के विभिन्न शहरों से आए प्रसिद्ध भजन गायक बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। 20 फरवरी को जयपुर के संजय पारीक, कुमार नरेंद्र, नवीन शर्मा, रोहित शर्मा तथा रांची की पूजा पारीक भजनों की सरिता बहाएंगे। 21 फरवरी को कोलकाता के संजय शर्मा, लव अग्रवाल, अरविंद सहल और कानपुर के कुमार मुकेश भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
तीसरे दिन 22 फरवरी को सतरंगी ध्वजा शोभायात्रा तिलकनगर से प्रारंभ होकर बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर तक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु बाबा को निशान अर्पित करेंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सोशल मीडिया चैनलों पर किया जाएगा।

बिष्णुपुर टेराकोटा शैली में सजेगा दरबार
इस वर्ष पंडाल की विशेष थीम मल्ल राजवंश काल की प्रसिद्ध बिष्णुपुर टेराकोटा वास्तुकला पर आधारित होगी। ‘रंगा माटीर बांग्ला’ से प्रेरित इस भव्य पंडाल में बंगाल की लाल मिट्टी और प्राचीन मंदिर स्थापत्य की झलक आधुनिक स्वरूप में दिखाई देगी।
बाबा का राजदरबार बिष्णुपुर की ‘रासमंच’ और ‘पंचरत्न’ स्थापत्य शैली के सूक्ष्म विवरणों पर आधारित होगा, जिसमें पिरामिडनुमा संरचना और बहुस्तरीय मीनारें आकर्षण का केंद्र रहेंगी। भव्य दरबार का निर्माण गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड होल्डर कोलकाता के असीम मात्या द्वारा किया जा रहा है।
टेंट का कार्य राम कृष्ण टेंट एवं अवस्थी लाइट एंड साउंड द्वारा किया जा रहा है। कानपुर के बाजोरिया जी ने श्याम निशान तैयार किए हैं, जबकि दिल्ली से सचिन जी खाटू नरेश की छवि लेकर आएंगे।
23 फरवरी को खाटूधाम यात्रा
मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि 23 फरवरी को बस द्वारा खाटूधाम यात्रा के लिए प्रस्थान किया जाएगा, जहां बाबा श्याम को निशान अर्पित किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, संरक्षक भारत भूषण, उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, सुरेश कंछल सहित मंडल समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।



