अयोध्या में बनेगा रामायण थीम पार्क, सिंगापुर में हुआ ऐतिहासिक MOU
🌍 सांस्कृतिक पर्यटन को मिलेगा वैश्विक आयाम

निश्यच टाइम्स न्यूज डेस्क | डीएफ
उत्तर प्रदेश के लिए 24 फरवरी 2026 का दिन निवेश और सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से ऐतिहासिक बन गया। सिंगापुर के प्रतिष्ठित Shangri-La Hotel Singapore में, इन्वेस्ट यूपी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में अयोध्या में “रामायण थीम पार्क” के निर्माण के लिए अहम समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर हुए।
इस अवसर पर “महाभारत थीम” पर आधारित एक और भव्य परियोजना के लिए MOU साइन किया गया, जिसका विकास हस्तिनापुर में प्रस्तावित है। दोनों परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने की तैयारी बताई जा रही है।
अयोध्या और हस्तिनापुर जैसे ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर थीम पार्क विकसित होने से प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित किया जाए। इन्वेस्ट यूपी की सक्रिय भूमिका और मुख्यमंत्री के संरक्षण में यह पहल प्रदेश में बड़े निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
डिक्की यूपी चैप्टर के लिए गौरव का क्षण
डिक्की उत्तर प्रदेश चैप्टर के लिए यह उपलब्धि विशेष मानी जा रही है। चैप्टर के अध्यक्ष और Dream Trust Entertainment के डायरेक्टर मनीष वर्मा के नेतृत्व में इस परियोजना में दलित उद्यमियों की भागीदारी के नए अवसर खुलने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस मेगा प्रोजेक्ट से स्थानीय उद्यमियों, खासकर अनुसूचित जाति समुदाय के व्यवसायियों को बड़े स्तर पर आर्थिक और व्यावसायिक जुड़ाव के अवसर मिल सकते हैं।
रोजगार और निवेश के नए द्वार
विशेषज्ञों का मानना है कि इन थीम पार्क परियोजनाओं से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार भी सृजित होंगे। सरकार और निजी क्षेत्र के समन्वय से यह परियोजना “नए उत्तर प्रदेश” के विजन को मजबूती देने वाली मानी जा रही है।



