मथुरा में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की रिफाइनरी में बड़ा हादसा हुआ, जिसमें आग लगने और धमाके के कारण कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं। रिफाइनरी में शटडाउन के दौरान एबीयू प्लांट में रिपेयर और टेस्टिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान फर्निश पाइपलाइन के हीट होने से पाइप फट गई, जिसके बाद आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, यह हादसा रात करीब 8.30 बजे हुआ, जब रिफाइनरी को डेढ़ महीने की बंदी के बाद पुनः शुरू किया जा रहा था। धमाके के कारण आग इतनी भयंकर थी कि कई कर्मचारियों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मथुरा रिफाइनरी से आग की लपटें और विस्फोट की आवाज सुनी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
चार कर्मचारी गंभीर रूप से घायल रिफाइनरी में झुलसे 12 लोगों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारियों में हरिशंकर, इरफान, अजय शर्मा, और राजीव कुमार शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए पहले सिटी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, फिर उनकी हालत गंभीर होने के चलते दिल्ली के मेट्रो हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
सिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर दिनेश यादव ने बताया कि गंभीर रूप से जले हुए चार मरीजों को रिफाइनरी से लाया गया था, जिनका इलाज जारी है। वे 40-50% जले हुए हैं, हालांकि उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना पर फिलहाल रिफाइनरी प्रशासन और जिला अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। रिफाइनरी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सोनू कुमार ने घटना की पुष्टि की है और जांच जारी है।