दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: सफाई कर रहे सात कर्मचारियों की दर्दनाक मौत

तेज रफ्तार पिकअप ने मचाई तबाही, चीख-पुकार से दहला इलाका
शनिवार सुबह नूंह जिले के थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। इब्राहिमबास गांव के पास सफाई कार्य कर रहे 11 कर्मचारियों को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छह सफाईकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में एक और घायल कर्मचारी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या सात हो गई। मृतकों में छह महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। सफाई कार्य में लगे कर्मचारी सड़क किनारे कार्य कर रहे थे, तभी तेज गति से आई पिकअप ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई शवों के टुकड़े अलग-अलग हो गए। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की भयावहता ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर भी हादसे को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने यातायात को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल को खाली कराया और घायलों के इलाज की व्यवस्था की है।



