तकनीक

आरडीएसओ को मिला नया कप्तान, प्रभास दंसाना ने संभाली कमान

🔬 रिसर्च और मॉडर्नाइजेशन को मिलेगी नई रफ्तार

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

भारतीय रेल के अनुसंधान और मानकीकरण संस्थान Research Designs and Standards Organisation (RDSO) को नया नेतृत्व मिल गया है। भारतीय रेलवे ट्रैफिक सेवा (IRTS) 1989 बैच के वरिष्ठ अधिकारी श्री प्रभास दंसाना ने 17 फरवरी 2026 को महानिदेशक (DG) का पदभार ग्रहण कर लिया।

राजनीति विज्ञान में परास्नातक श्री दंसाना रेलवे प्रशासन और संचालन के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का समृद्ध अनुभव रखते हैं। आरडीएसओ की कमान संभालने से पहले वे Railway Board में प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, ट्रैफिक ट्रांसपोर्टेशन (एम) के पद पर कार्यरत थे, जहां वे राष्ट्रीय स्तर पर माल ढुलाई संचालन और नीतिगत निर्णयों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

जून 2024 से वे Container Corporation of India (CONCOR) के बोर्ड में अंशकालिक सरकारी निदेशक के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा वे Pipavav Railway Corporation Limited के बोर्ड में भी अंशकालिक सरकारी निदेशक रहे हैं, जहां मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स और कंटेनर परिवहन से जुड़े रणनीतिक फैसलों में उनकी अहम भागीदारी रही।

1991 में भारतीय रेल से जुड़े श्री दंसाना ने दक्षिण पूर्व रेलवे और पूर्व रेलवे में प्रिंसिपल चीफ ऑपरेशंस मैनेजर (PCOM) के रूप में सेवाएं दीं। वहीं पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर (PCCM) रहते हुए उन्होंने यात्री और माल परिचालन को नई मजबूती दी।

सीलदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) के रूप में उन्होंने समयबद्धता सुधारने और उपनगरीय सेवाओं में नवाचार लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेट्रो रेलवे कोलकाता में मुख्य यातायात प्रबंधक रहते हुए उन्होंने ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम की शुरुआत कर यात्रियों को बड़ी राहत दी।

अब महानिदेशक, आरडीएसओ के रूप में श्री दंसाना से उम्मीद है कि वे अनुसंधान, मानक निर्धारण, तकनीकी नवाचार और सुरक्षा उन्नयन को नई दिशा देंगे। भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और क्षमता विस्तार के विजन को साकार करने में उनका अनुभव अहम साबित होगा।

Related Articles

Back to top button