मनोरंजन

लखनऊ में ‘बिजुरिया’ का दमदार आगाज़, एआई तकनीक संग महिला शक्ति का नया सिनेमाई प्रयोग

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | डी.एफ. हिंदी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को भारत की पहली एआई-लाइव एक्शन महिला सुपरहीरो फिल्म बिजुरिया का टीज़र भव्य अंदाज़ में लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में फिल्म की स्टारकास्ट और मेकर्स की मौजूदगी ने इसे यादगार बना दिया। महिला सशक्तिकरण की थीम पर आधारित यह फिल्म तकनीक और सामाजिक सरोकारों के संगम का दावा कर रही है।

फिल्म की कहानी दिव्या नाम की एक साधारण लड़की की है, जो सामाजिक भेदभाव और आत्मविश्वास की कमी से जूझती है। उसकी मुलाकात तेज नाम की वैज्ञानिक सोच वाली युवती से होती है, जो उसे नई दिशा देती है। यही मोड़ दिव्या को ‘बिजुरिया’ नामक सुपरहीरो में बदल देता है, जो समाज में व्याप्त कुरीतियों और अपराध के खिलाफ मोर्चा खोलती है।

निर्देशक शारिब रजा ने कहा कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा में एआई तकनीक के प्रयोग को नई ऊंचाई देगी। उनके मुताबिक, एआई और लाइव-एक्शन का संयोजन दर्शकों को अलग अनुभव देगा।

मुख्य भूमिका में लखनऊ की अभिनेत्री कंचन अवस्थी नजर आएंगी। उन्होंने कहा कि ‘बिजुरिया’ उनके करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण और खास फिल्म है। थिएटर से करियर शुरू करने वाली कंचन ने अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि परिवार के शुरुआती संकोच के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को नहीं छोड़ा। आज उनका परिवार ही उनकी ताकत है।

कार्यक्रम में इंडियन फिल्म अकादमी के सह-संस्थापक दिनेश सहगल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने फिल्म को तकनीकी नवाचार और महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बताया।

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म की शूटिंग 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और लगभग 30–35 दिनों का शेड्यूल तय किया गया है। उत्तर प्रदेश में 20 दिनों तक लखनऊ और आगरा समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर शूटिंग होगी। निर्माण फुल फ्रेम फिल्म्स और जय श्री माधव क्रिएशन्स के बैनर तले किया जा रहा है। दिसंबर 2026 तक फिल्म पूरी कर रिलीज की तैयारी है।

‘बिजुरिया’ केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का संदेश देने का प्रयास है।

Related Articles

Back to top button