लखनऊ

रंगों में घुला अपनापन—SBI पेंशनर्स का भव्य होली मिलन समारोह

‘पेंशनर्स के हित सर्वोपरि’—महाप्रबंधक का भरोसा, सांस्कृतिक संध्या में झूमे सदस्य

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क

लखनऊ में State Bank of India पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित होली मिलन एवं सांस्कृतिक संध्या ने रंग, संगीत और आपसी स्नेह का अनोखा संगम प्रस्तुत किया। स्टेट बैंक मुख्य शाखा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 300 पेंशनर्स और उनके परिवारजन शामिल हुए, जिससे माहौल उत्साह और उमंग से भर उठा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक अनिल कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पेंशनर्स के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक अपने पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर महाप्रबंधक राजीव कुमार, सीडीओ धीरेंद्र महे, उप महाप्रबंधकगण और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। मुकेश मेहरोत्रा, पी.एन. पांडे, अनूप सोमानी और अनीता अग्रवाल सहित कई कलाकारों ने अपने गीतों से माहौल को सुरमय बना दिया। संजीव अग्रवाल की पैरोडी प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब हंसाया और तालियां बटोरीं।

इसके अलावा अजय कपूर, आर.आर. नागर और नीरज श्रीवास्तव जैसे प्रतिभागियों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। मंच संचालन जोनल सचिव संजीव अग्रवाल ने किया।

अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद्र ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन और बैंक दोनों ही पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

Related Articles

Back to top button