क्राइम

मध्य प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग कार्रवाई, 52 किलो एमडी जब्त

🔥 तीन दिन की सर्जिकल स्ट्राइक में गुप्त लैब का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

मध्य प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने इंदौर जिले की महू तहसील के थवलय गांव में संचालित एक गुप्त मेथाम्फेटामाइन निर्माण प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया है। तीन दिन तक चले इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन में कुल 51.992 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली एमडी (मेथाम्फेटामाइन), 260 किलोग्राम से अधिक रसायन और अत्याधुनिक मशीनरी जब्त की गई। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

यह पूरी कार्रवाई केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के समन्वय और बहु-जिला टीमों की रणनीतिक कार्रवाई का परिणाम रही।

कार्रवाई की शुरुआत 13 फरवरी 2026 की रात मंदसौर में हुई, जब सीबीएन नीमच शाखा को विशेष खुफिया सूचना मिली। एक बस में यात्रा कर रहे दो संदिग्ध यात्रियों से 8.172 किलोग्राम क्रिस्टल एमडी बरामद की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप एक गुप्त लैब से लाई जा रही थी।

इसके बाद नीमच, मंदसौर, जावरा और उज्जैन शाखाओं की संयुक्त टीमों ने महू के पास स्थित संदिग्ध परिसर पर छापा मारा। तेज रासायनिक धुएं और जहरीली गंध के कारण विशेष पीपीई किट से लैस टीम को बुलाया गया।

लैब में आधुनिक संयंत्र और मशीनरी स्थापित थी, जिन्हें निष्क्रिय करने के लिए सरकारी अफीम एवं अल्कलॉइड कारखाना (जीओएडब्ल्यू) नीमच के इंजीनियरों और रसायनशास्त्रियों की मदद ली गई। 15 फरवरी की सुबह तक पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। लैब संचालित करने वाले मकान मालिक को भी हिरासत में लिया गया है।

सीबीएन ने स्पष्ट किया है कि इस सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

यह ऑपरेशन न केवल मध्य प्रदेश बल्कि पूरे देश में अवैध ड्रग नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।


Related Articles

Back to top button