उत्तर प्रदेशलखनऊ

राष्ट्रीय लोकदल ने हरियाणा और तेलंगाना के प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की

पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

निश्चय टाइम्स, लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने हाल ही में घोषणा की कि पूर्व विधायक जगजीत सिंह को हरियाणा राज्य का प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधान परिषद सदस्य कपिलावे दिलीप कुमार को तेलंगाना राज्य का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पार्टी नेतृत्व ने इस निर्णय के माध्यम से उम्मीद जताई है कि इन दोनों नेताओं के अनुभव और नेतृत्व से हरियाणा और तेलंगाना में राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा और भी सशक्त तरीके से फैल सकेगी। विशेष रूप से, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आगे बढ़ाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय लोकदल का उद्देश्य हमेशा किसानों, गरीबों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करना रहा है, और इन राज्यों में इन नेताओं के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी के मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती प्रदान करेगा और इन राज्यों में पार्टी की उपस्थिति को और अधिक प्रभावशाली बनाएगा।

Related Articles

Back to top button