राष्ट्रीय

सीतामढ़ी में जेडीयू महिला जिलाध्यक्ष के साथ हैवानियत, सड़क पर चप्पलों की माला पहनाकर घुमाया

सीतामढ़ी: बिहार में सत्ताधारी जेडीयू पार्टी की महिला सेल की जिलाध्यक्ष भी अब सुरक्षित नहीं हैं। हाल ही में सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया प्रखंड में जेडीयू की महिला जिलाध्यक्ष कामिनी पटेल के साथ एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चोरी का आरोप लगाकर न सिर्फ उनके साथ बर्बरता से मारपीट की गई, बल्कि उन्हें चप्पलों की माला पहनाकर सड़कों पर घुमाया गया। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राज्य में सियासी हलचल पैदा कर दी है।
 फेसबुक विवाद बना हमले की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना की शुरुआत एक फेसबुक विवाद से हुई। बताया जा रहा है कि बुधवार को बैरगनिया प्रखंड में जेडीयू का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कामिनी पटेल को आमंत्रित नहीं किया गया था। इसके बाद फेसबुक पर उनके और कुछ लोगों के बीच जमकर तीखी टिप्पणियों का आदान-प्रदान हुआ। अगले दिन सुबह जब कामिनी पटेल वार्ड आयुक्त संजय पटेल के घर पहुंचीं, तो दोनों पक्षों के बीच बहस और गाली-गलौच होने लगी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कामिनी पटेल को घेर लिया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
 चप्पलों की माला पहनाकर किया गया अपमान
इस क्रूर हमले के दौरान न सिर्फ महिला जिलाध्यक्ष को बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उन्हें चप्पलों की माला पहनाकर सड़कों पर घुमाया गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग उन्हें चोर-चोर कहकर अपमानित कर रहे थे। इस घटना के बाद कामिनी पटेल की हालत गंभीर हो गई और उन्हें तुरंत इलाज के लिए बैरगनिया पीएचसी से मुजफ्फरपुर रेफर किया गया, जहां वे अब भी बेहोशी की हालत में हैं।
पुलिस कर रही है जांच
इस घटना ने पूरे राजनीतिक माहौल को हिला कर रख दिया है। पुलिस को मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वहीं, पीड़ित महिला जिलाध्यक्ष के परिजन भी घटना के बारे में कुछ बताने से इंकार कर रहे हैं।
यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि राजनीति में महिलाओं की सुरक्षा पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

महाराष्ट्र चुनाव: MVA में सीट बंटवारे पर खींचतान, संजय राउत ने कांग्रेस पर देरी का आरोप लगाया – Nishchay Times

Related Articles

Back to top button