फिरोजाबाद: प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को करोड़ों की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया और कहा कि उत्तर प्रदेश में सनातन धर्म और संस्कृति का उत्थान लगातार हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत और गरिमा से परिचित कराया जाए।
रविवार को मंत्री ने 3.02 करोड़ की लागत से रामचंद्र पालीवाल ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यकरण कार्य का उद्घाटन किया। इसके अलावा, जिले के विभिन्न स्थानों पर विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इनमें 3.75 करोड़ की लागत से स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, 3.32 करोड़ की लागत से वॉक थ्रू ऑप्टिकल इल्यूजन की स्थापना, और 3.46 करोड़ की लागत से शिकोहाबाद में सुभाष चौराहा से रेलवे स्टेशन तक तिरंगा लाइटों की व्यवस्था शामिल है।
इस अवसर पर जयवीर सिंह ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी रामचंद्र पालीवाल के नाम पर निर्मित यह सभागार नगरवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण धरोहर साबित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार विरासत को संजोते हुए विकास को प्राथमिकता दे रही है और फिरोजाबाद इसका बेहतरीन उदाहरण है।
मंत्री ने यह भी बताया कि जिले में 256 करोड़ रुपये से अधिक की पर्यटन योजनाओं पर काम चल रहा है, जिससे आने वाले समय में फिरोजाबाद एक पर्यटन हब के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल ढांचागत विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों को सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा ने रामचंद्र पालीवाल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए हॉल के निर्माण से लेकर अब तक की पूरी यात्रा का उल्लेख किया। वहीं, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि इस हॉल में शासन और प्रशासन से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे, जो नागरिकों के लिए लाभकारी साबित होंगे।
शहर की मेयर कामिनी राठौर ने इसे नगर के लिए एक बड़ी सौगात बताया। इस मौके पर गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, शिकोहाबाद के चेयरमैन प्रतिनिधि राजीव गुप्ता, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत और नगर आयुक्त ऋषि राज सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
